शराबी ने की अपनी 12वीं पत्नी की हत्या


 दैनिक,चैलेंजर रिपोर्टर

झारखण्ड। झारखंड के बोकारो में एक शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी, क्योंकि उसने उसे शराब से पीने से मना किया था। आरोपी ने पत्नी को पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया।

झारखंड के बोकारो से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी, क्योंकि उसने उसे शराब पीने से मना किया था। आरोपी ने पत्नी को पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। दावा किया जा रहा है कि मृतक महिला उसकी 12वीं पत्नी थी।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की पहचान राम चंद्र तुरी के रूप में हुई है। मृतक महिला का नाम सावित्री देवी बताया जा रहा है। राम चंद्र ने कई शादियां की हैं। उसके शराबी स्वभाव की वजह से एक भी पत्नी उसके साथ नहीं रुक पाई। झगड़ों के कारण सभी ने उसे छोड़ दिया। तुरी की सावित्री से 20 साल पहले शादी हुई थी। उसके चार बच्चे भी हैं। बच्चों में से एक हैदराबाद में मजदूरी करता है। बाकी तीनों घटना वाले दिन शादी समारोह में गए थे। जानकारी के मुताबिक, घटना वाले दिन रामचंद्र तुरी शराब पीकर घर लौटा था। जब वह दोबारा घर में शराब पीने लगा, तो सावित्री देवी ने उसे ऐसा करने से मना किया। गुस्से में आकर उसने पत्नी को डंडे से पीटना शुरू कर दिया। वह बेहोश हो गई। वह उसे तब तक पीटता रहा, जब तक उसकी सांसें चलना बंद नहीं हो गईं। बताया जा रहा है कि पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच के बाद राम चंद्र तुरी को गिरफ्तार कर लिया है।


Previous Post Next Post