दैनिक,चैलेंजर रिपोर्टरदेश में साढे 6 महीने बाद कोरोना के नए मामले 5 हजार से ज्यादा आए हैं। बुधवार को 5,335 नए मामले मिले, जबकि 13 लोगों की मौत हुई। इससे पहले 22 सितंबर को 5,383 मामले सामने आए थे। बुधवार को 2,826 लोग इस बीमारी से ठीक हुए। फिलहाल देश मे 25,587 एक्टिव केस हैं। ये 9 अक्टूबर के बाद सबसे ज्यादा हैं। तब 25,488 लोगों का इलाज चल रहा था।
कोरोना के डेली केस में इजाफा तेज हो गया है। फिलहाल पॉजिटिविटी रेट 3.32% है। मार्च के 31 दिनाें में कोरोना के 31,902 केस सामने आए थे। इसके मुकाबले अप्रैल के 5 दिनों में ही 20,273 नए केस मिल चुके हैं। ये मार्च के कुल नए केस का 63.5% है।
अगर औसत देखें तो मार्च में रोजाना औसतन 1 हजार नए केस मिले थे, जबकि अप्रैल में रोजाना औसतन 4 हजार मामले आ रहे हैं। अगर संक्रमण दर यही रही तो अप्रैल में 1.20 लाख नए मामले आने की आशंका है। हालांकि रोजाना जिस हिसाब से नए केस बढ़ रहे हैं, उसके मुताबिक अप्रैल के कुल केस इससे ज्यादा हो सकते हैं।
कोविड मैनेजमेंट को लेकर इंपावर्ड ग्रुप वन की मीटिंग
देश में बढ़ते कोरोना मामलों के बीच बुधवार को गवर्नमेंट इंपावर्ड ग्रुप वन की मीटिंग हुई। इस मीटिंग में कोविड मैनेजमेंट को लेकर चर्चा की गई। अध्यक्षता डॉ. वीके पॉल ने की। सरकार ने मई 2020 में कोरोना वायरस से निपटने के लिए 6 इंपावर्ड ग्रुप बनाए थे। इनमें सरकार के 50 से ज्यादा सीनियर अधिकारी शामिल थे। मई 2021 में इन ग्रुप्स की संख्या बढ़ाकर 10 कर दी गई थी।
मार्च के बाद तेज हुई कोरोना संक्रमण की रफ्तार
देश में 15 नवंबर के बाद से कोरोना के मामलों में लगातार कमी आ रही थी। डेली केस 500 से कम होते हुए 30 जनवरी को सबसे कम 64 पर पहुंचे। फरवरी के अंत तक यही ट्रेंड जारी रहा जिसमें डेली केस 200 से 300 के बीच रहे। लेकिन, मार्च आते ही मामलों में अचानक तेजी आने लगी।
11 मार्च को 500 से ज्यादा मामले आए, 21 मार्च को मामले बढ़कर 1,100 से ज्यादा हो गए। 28 मार्च को 2 हजार से ज्यादा और 29 मार्च को 3 हजार से ज्यादा केस मिले। अब 4 अप्रैल को साढ़े 4 हजार के करीब मामले सामने आए हैं।
टॉप-5 राज्यों में दो-तिहाई नए केस, केरल सबसे आगे
देश में मंगलवार को मिले 5,335 नए केस में से 3,730 सिर्फ 5 राज्यों में मिले हैं। इनमें केरल सबसे आगे हैं। यहां करीब 2 हजार नए केस मिले हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 569, दिल्ली में 509, हिमाचल प्रदेश में 389 और गुजरात में 351 केस सामने आए हैं।
केरल: यहां 1,912 नए केस मिले हैं, 500 लोग ठीक हुए हैं और 1,404 लोगों का इलाज चल रहा है। मंगलवार को भी केरल में 1,025 नए केस दर्ज किए गए थे। इससे पहले 22 सितंबर को 2300 मामले सामने आए थे।
महाराष्ट्र: यहां बीते दिन 569 नए केस मिले हैं, 485 लोग ठीक हुए जबकि 2 लोगों की मौत हुई। मंगलवार को यहां 711 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 6.32% है।
दिल्ली: यहां बुधवार को 509 नए मामले सामने आए, 424 लोग इस बीमारी से ठीक हुए। एक्टिव केस 1,795 हो गए हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 26.54% है।
हिमाचल प्रदेश: यहां बुधवार को 389 नए केस सामने आए हैं, जबकि 177 लोग ठीक हुए हैं। फिलहाल राज्य में 212 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 8.22% हो गया है।
गुजरात: यहां 351 नए केस मिले हैं, 1 व्यक्ति की मौत हुई है और 395 लोग ठीक हुए हैं। मंगलवार को यहां 324 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 1.76% है।