दैनिक,चैलेंजर रिपोर्टर
मेरठ। बढ़ता जा रहा है मेरठ में कोरोना का खतरा, मेरठ जिले में दरोगा और तीन महिलाओं में कोरोना की पुष्टि हुई है। वहीं, दरोगा के कोरोना पॉजिटिव मिलने से थाने में हड़कंप मचा हुआ है।
मेरठ में कोरोना का हमला तेज होता जा रहा है। अब मवाना थाने में एक दरोगा और तीन महिलाओं में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को 605 लोगों की जांच की गई। इनमें तीन महिलाएं कोरोना संक्रमित मिलीं हैं। इनके अलावा दो मरीज ठीक हुए हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या 11 हो गई है। इनमें चार अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि अन्य होम आइसोलेशन में चल रहे हैं।
अधिकारी डॉ0 अशोक तालियान ने बताया कि नए मरीज जानी, कसेरू बक्सर और सर्वोदय नगर के रहने वाले हैं। इनकी उम्र 30 से 70 साल के बीच है। इन्हें खांसी, जुकाम और बुखार है। तबीयत ज्यादा गंभीर नहीं है। अब जांच बढ़ाई जाएगी ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की जांच हो सके। गनीमत है कि इस बार कोरोना ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा पा रहा है। स्वास्थ्य विभाग किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इसी संबंध में तैयारियों का जायजा लेने के लिए 11 और 12 अप्रैल को जिले में सरकारी और निजी अस्पतालों में मॉक ड्रिल भी की जाएगी।
वहीं, मवाना सीएचसी प्रभारी डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि थाने के एक दरोगा आरटीपीसीआर जांच में संक्रमित मिले हैं। उनके परिवार के सदस्यों के नमूने जांच के लिए भेजे दिए गए हैं। दरोगा कई दिन से खांसी-जुकाम से पीड़ित थे। शक होने पर जांच कराई। यदि ज्यादा दिन तक खांसी जुखाम यां बुखार से ग्रस्त हैं तो नजदीकी डॉक्टर की सलाह अवश्य लें।